रिपोर्ट- अनीस अख्तर

भदोही जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 में नीम के पेड़ से युवक का शव लटकता हुआ मिला जिससे क्षेत्र में जहां सनसनी फैल गई वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार को प्रातः काल 20 वर्षीय एक युवक का शव साड़ी के फंदे में नीम के पेड़ पर लटकता हुआ मिला। मौके पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरियावां थाना के दुर्गागंज मार्ग के समीप अनिल कुमार मौर्य का 20 वर्षीय पुत्र हर्ष प्रताप मौर्य का आवास है। परिजनों के अनुसार रविवार की रात्रि में घर के सभी लोग खा पीकर सो गए थे। सोमवार को प्रातः काल उठने पर पता चला कि हर्ष का शव पेड़ पर लटक रहा है। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हर्ष प्रताप मौर्य इंटर की पढ़ाई करने के बाद तकनीकी शिक्षा की तैयारी सिकंदराबाद में कर रहा था। घर वालों ने बताया कि अभी 2 महीने पहले वह घर पर आया था। दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता नगर में ही मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं।