कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ भदोही की तीनों सीटों पर होगी मतगणना

रिपोर्ट- अनीस अख्तर

मतगणना स्थल पर बिना पास के प्रवेश वर्जित रहेगा

मोबाइल का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा

भदोही । 10 मार्च गुरुवार को होने वाले मतगणना के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भदोही की तीनों विधानसभाओं का मतगणना संपन्न कराया जाएगा। मतगणना एवं सुरक्षा व्यवस्था पर जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी व पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आवश्यक बैठक हुई। जिसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की 14 टेबल पर 10 मार्च गुरुवार को सुबह 8:00 बजे से मतगणना कार्य प्रारंभ हो जाएगा। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 42 टेबल पर मतगणना होगी। प्रत्येक टेबल पर सभी प्रत्याशियों के एक-एक एजेंट मौजूद रहेंगे। पोस्टल बैलट एवं ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रॉनिक रूप से प्रेषित पोस्टल बैलट सिस्टम) की मतगणना सर्वप्रथम शुरुआत होगी, जिसके सभी टेबल पर एक एक एजेंट मौजूद रहेंगे। ईवीएम कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रांग रूम में केंद्रीय पुलिस बल की कड़ी निगरानी और सुरक्षा में रखा गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना परिसर में मोबाइल फोन लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी दशा में मोबाइल फोन/इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को मतगणना स्थल भवन में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोई भी प्रत्याशी या उनके अभिकर्ता मोबाइल फोन लेकर अंदर नहीं आएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि सभी प्रत्याशी संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर से फार्म 18 भरकर मतगणना एजेंटों का पास प्राप्त कर सकेंगे। बिना अधिकृत पास के मतगणना परिसर में किसी का भी प्रवेश नहीं होगा। पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों विधानसभा की 42 टेबल पर मतगणना होगी। स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनों की केंद्रीय पुलिस बलों की निगरानी में सुरक्षा की जा रही है।

Leave a comment