रिपोर्ट- अनीस अख्तर

गोपीगंज। नगर में रामनवमी के उपलक्ष में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। रविवार को सुप्रभातम प्रचार समिति के तत्वावधान में मंदिर बाबा कबूतर नाथ से भगवान श्री राम का सुसज्जित रथ के साथ डीजे की धुन पर थिरकते झूमते लोग चल रहे थे। शोभा यात्रा नगर के सदर मुहाल होते हुए राजमार्ग चौराहा से पड़ाव, पश्चिममोहाल, खरहटी मोहाल, मिर्जापुर रोड, जीटी रोड बस स्टैंड होते हुए पूरे नगर भ्रमण करने के पश्चात समाप्त हुई। इस अवसर पर भगवान शंकर, बजरंगबली, राधा कृष्ण, मां दुर्गा की झांकी के अलावा एक दर्जन अन्य झांकी निकाली गई। शोभायात्रा में हाथों में लोग केसरिया ध्वज लेकर चल रहे थे। राम नवमी के अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा नगर की विशेष साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था की गई थी। शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल पेय पदार्थ की व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर पूरा नगर केसरिया में हो गया था। शोभायात्रा में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता, रतन अग्रहरी, कृष्ण कुमार खटाई, श्रीकांत जायसवाल,जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी अल्प संख्यक भदोही सिराज अख्तर सिद्दीकी, गगन कुमार गुप्ता, कृष्ण चंद्र पांडे आदि लोग शामिल रहे शोभा यात्रा का नेतृत्व सुप्रभातम प्रचार समिति के संरक्षक गोपाल कृष्ण मिश्र राजे द्वारा किया गया। संचालन गिरिजा शंकर पांडे ने किया।