रिपोर्ट- तनु सिंह

भदोही जनपद के कम्पोजिट विद्यालय सागररायपुर के शिक्षकों ने स्कूल चलो अभियान के तहत गांव के बिंद बस्ती में 6 से 14 आयु वर्ग के 10 बच्चों का आयु के अनुसार कक्षा में नामांकन किया। मंगलवार को नामांकन के लिए डोर टू डोर निकले अध्यापकों की टीम में प्रधानाध्यापक इन्दुचन्द पाण्डेय ने अभिभावकों को बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत भौतिक संसाधन की अच्छी सुविधा उपलब्ध है। बच्चों के लिए आकर्षक वातावरण है। मल्टीपल हैंडवास एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था है। खेलकूद के सामान, आकर्षक पुस्तकालय एवं पर्याप्त मात्रा में विषय अनुकूल शिक्षण अधिगम सामग्री होने से बच्चों के पठन-पाठन में उत्तरोत्तर सुधार हो रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु जहां नवाचार हो रहा है, वही गतिविधियों के माध्यम से अच्छी शिक्षा दी जा रही है। बच्चों को सरलतम ढंग से भाषा बोध कराने एवं प्रारंभिक गणितीय ज्ञान के लिए शिक्षण अधिगम सामग्री का प्रयोग भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को प्रतिदिन स्कूल जाना है ताकि बच्चों का संबंधित विषय एवं पाठ के प्रति रुचि बनी रहे और वे विषय वस्तु का सही ज्ञान प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि नामांकन ठहराव एवं संप्राप्ति तभी संभव है, जब शिक्षक के साथ अभिभावक भी रुचि लेकर अपने पाल्य को प्रतिदिन स्कूल जाने के लिए प्रेरित करें। स्कूल चलो अभियान में प्रधानाध्यापक इन्दु चन्द पाण्डेय के साथ रमेश कुमार मौर्य, सुनीतादेवी व शालू शुक्ल ने बच्चों के नामांकन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।