रिपोर्ट- तनु सिंह
सभी धर्मों के धर्मगुरुओं द्वारा इस अनोखी पहल को सहर्ष स्वीकार करते हुए फैसले का किया स्वागत

भदोही । उच्च न्यायालय द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम-2000 के तहत बुधवार को अधिक तीव्रता वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों को पुलिस अधीक्षक द्वारा हटवाया गया। जिसका सभी धर्मों और समुदाय के लोगों ने स्वागत भी किया। भदोही में पुलिस प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संयुक्त अभियान में जिले के विभिन्न स्थानों से लाउडस्पीकर हटवाए गए तथा लाउडस्पीकरों की ध्वनि तीव्रता को कम कराते हुए उसे व्यवस्थित कराया गया, जिससे कि लाउडस्पीकर की ध्वनि तीव्रता प्रतिष्ठान से बाहर न जाए। साथ ही सभी समुदाय के धर्मगुरुओं, डीजे व मैरिज होम संचालकों आदि को ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सम्बन्ध में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराने हेतु नोटिस दिया गया कि यदि कोई भी धार्मिक स्थल पर डीजे संचालक निर्देशों का अनुपालन नहीं करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। जनपद में पुलिस की पहल पर हिंदू व मुस्लिम धर्मों के धर्मगुरुओं द्वारा इस अनोखी पहल को सहर्ष स्वीकारते हुए स्वयं आगे आकर उक्त कार्यवाही में पुलिस का पूर्ण सहयोग किया जा रहा है।